About College

शासकीय नवीन महाविद्यालय, आमदी जिला मुख्यालय धमतरी से लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित एक प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थान है, जो आमदी एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधा प्रदान कर रहा है। आमदी एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों में उच्च शिक्षा के अवसरों का विस्तार करने तथा स्थानीय विद्यार्थियों को उनके गृह क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सत्र 2018-19 में शासकीय नवीन महाविद्यालय, आमदी की स्थापना की गई। उच्च शिक्षा संचालनालय, छत्तीसगढ़ के आदेश दिनांक 26 जुलाई 2018 के अनुसार महाविद्यालय ने सत्र 2018-19 से अपना शैक्षणिक कार्य प्रारम्भ किया।

स्थापना के प्रारम्भिक वर्षों में महाविद्यालय का संचालन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, आमदी के भवन में किया गया। प्रथम सत्र से ही कला, वाणिज्य तथा विज्ञान संकाय की कक्षाएँ प्रारम्भ की गईं। स्थापना के प्रथम वर्ष में ही विद्यार्थियों की उल्लेखनीय संख्या में प्रवेश ने इस क्षेत्र में उच्च शिक्षा की आवश्यकता एवं महाविद्यालय की उपयोगिता को प्रमाणित कर दिया। आगामी वर्षों में छात्र संख्या में निरंतर वृद्धि हुई, जिससे यह महाविद्यालय क्षेत्र के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केन्द्र बनकर उभरा।

महाविद्यालय पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से संबद्ध है तथा वर्तमान में कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकायों में स्नातक स्तर की शिक्षा प्रदान कर रहा है। कला संकाय के अंतर्गत हिन्दी, राजनीति विज्ञान एवं भूगोल विषय संचालित हैं, जबकि विज्ञान संकाय में प्राणीशास्त्र, वनस्पति विज्ञान, रसायनशास्त्र, भौतिकी एवं गणित विषयों का अध्यापन किया जाता है। वाणिज्य संकाय क्षेत्र के विद्यार्थियों को वाणिज्य शिक्षा के अवसर उपलब्ध करा रहा है।

ग्रामीण एवं कृषिप्रधान क्षेत्र में स्थित होने के कारण यहाँ अध्ययनरत अधिकांश विद्यार्थी ग्रामीण पृष्ठभूमि से आते हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे विद्यार्थियों की है जो अपने परिवार में उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली प्रथम पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं। महाविद्यालय विद्यार्थियों को केवल अकादमिक शिक्षा ही नहीं प्रदान करता, बल्कि उनमें नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व, नैतिक मूल्यों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण तथा व्यक्तित्व विकास की भावना का भी संवर्धन करता है।

महाविद्यालय का नवीन एवं सुव्यवस्थित परिसर लगभग 4.00 हेक्टेयर भूमि पर विकसित है। शासन द्वारा आधुनिक भवन निर्माण हेतु 465.84 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई, जिसके फलस्वरूप वर्तमान में महाविद्यालय अपने नवीन भवन में संचालित हो रहा है। परिसर में अध्ययन-अध्यापन हेतु अनुकूल वातावरण, पुस्तकालय सुविधा, खेल मैदान तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध हैं। विकसित अधोसंरचना एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण के कारण महाविद्यालय क्षेत्र में उच्च शिक्षा के एक उभरते हुए केन्द्र के रूप में प्रतिष्ठित हो रहा है। महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की 100 स्वयंसेवकों की सक्रिय इकाई संचालित है। इसके साथ ही रेड रिबन क्लब एवं यूथ रेड क्रॉस सोसायटी के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वास्थ्य जागरूकता, रक्तदान, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मानवीय मूल्यों का विकास किया जाता है।

महाविद्यालय के विकास में जनभागीदारी समिति, नगर पंचायत आमदी, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा क्षेत्रीय नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। समाज एवं शासन के सहयोग से यह संस्था निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है तथा क्षेत्र के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा का एक विश्वसनीय केन्द्र बनकर स्थापित हुई है।